नोम पेन्ह , जनवरी 23 -- पुरातत्वविद कंबोडिया के प्रसिद्ध अंगकोर पुरातत्व पार्क में स्थित प्रे रूप मंदिर के क्षतिग्रस्त ईंट टॉवर और लैटेराइट फर्श की मरम्मत कर रहे हैं।

अंगकोर पुरातत्व पार्क की देखरेख करने वाली संस्था अप्सरा नेशनल अथॉरिटी' (एएनए) ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि विशेषज्ञों के दल द्वारा स्थल पर संरचनात्मक खतरों की पहचान किए जाने के बाद, इस हिंदू मंदिर के ईंट टॉवर नंबर 10 और लैटेराइट फर्श पर काम शुरू कर दिया गया है।

एएनए के स्मारक संरक्षण और पुरातत्व विभाग के पुरातत्वविद सो पॉट ने कहा, "मंदिर की प्राचीनता के कारण ईंट टॉवर नंबर 10 के कुछ हिस्से काफी खराब हो गए हैं। ईंटों की दीवारों के कुछ हिस्से गल चुके हैं और अपना मूल स्वरूप खो चुके हैं, जिससे तत्काल जीर्णोद्धार आवश्यक हो गया है।"इसके अलावा श्री पॉट ने बताया कि कई क्षेत्रों में विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में लैटेराइट फर्श का क्षरण हुआ है। उन्होंने कहा, "इस खराबी की वजह से बारिश का पानी मंदिर की नींव की ओर बह जाता है, जिससे स्मारक की स्थिरता के लिए संभावित जोखिम पैदा हो रहा है।"पुरातत्वविद ने बताया कि जीर्णोद्धार और रखरखाव का काम 'इंटरनेशनल कोऑर्डिनेटिंग कमेटी फॉर द सेफगार्डिंग एंड डेवलपमेंट ऑफ द हिस्टोरिक साइट्स ऑफ अंगकोर एंड सांबोर प्री कुक' द्वारा स्थापित तकनीकी तरीकों और मानकों के अनुसार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित