धार , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर स्थित एक निजी कंपनी में मशीन के रखरखाव में कथित लापरवाही के कारण कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद तीन अधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीथमपुर के सेक्टर-1 स्थित हिमटेक्नो कंपनी में चार जुलाई की शाम करीब साढ़े पांच बजे पार्ट्स की डाई बनाने का कार्य कर रहे कर्मचारी भीमसेन सेन (49) पर लगभग 625 टन क्षमता वाली हैमर मशीन का स्टैंड अचानक गिर गया। स्टैंड सिर पर गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सेक्टर-1 थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि हादसे से तीन दिन पहले एक जुलाई को मशीन का मेंटेनेंस और सर्विसिंग की गई थी। यह कार्य टेक्नीशियन विनोद कुमार तथा फीटर सुरेश बोराडे और रामतिरथ को सौंपा गया था।
पुलिस जांच में आरोप है कि सर्विसिंग के दौरान मशीन की फिटिंग सही ढंग से नहीं की गई, जिसके कारण कार्य के दौरान हैमर मशीन का स्टैंड मुड़कर नीचे गिर गया और कर्मचारी उसकी चपेट में आ गया।
जांच के आधार पर सेक्टर-1 थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत विनोद कुमार, सुरेश बोराडे और रामतिरथ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित