भोपाल , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस और उत्तर प्रदेश के झांसी की नारकोटिक्स विंग ने एक संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कंटेनर में पेंट के डिब्बों की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा 871 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री संपत उपाध्याय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, गोसलपुर थाना पुलिस और नारकोटिक्स विंग ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 30 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कंटेनर जबलपुर की ओर आ रहा है। इस पर एनएच-30 पर मुस्करा मोड़ के पास घेराबंदी कर मोहतरा टोल के पास कंटेनर को रोका गया। भागने का प्रयास कर रहे चालक सहित दोनों आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां मिलीं। खाकी टेप से पैक किए गए इन पैकेटों की जांच करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विशाखापट्टनम से माल लेकर चले थे और रास्ते में ओडिशा के बलांगीर निवासी व्यक्ति के कहने पर गांजे की ये बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। इस खेप को मध्य प्रदेश में मैहर के पास एक तय स्थान पर खाली करना था। एक आरोपी ने पहले भी ओडिशा के तस्कर के इशारे पर कई बार गांजा परिवहन करने और हर खेप के बदले एक लाख रुपये मिलने की बात कबूल की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और विस्तृत विवेचना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित