पटना , सितंबर 20 -- कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को कहा कि औषधीय पौधों की खेती किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने का नया माध्यम बनेगी तथा इसके तहत चालू वित्त वर्ष में राज्य में 100 हेक्टेयर क्षेत्र में एलोवेरा, अश्वगंधा, ब्राह्मी और शतावरी की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि सरकार कृषि को अधिक विविध और किसानों के लिए लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों की खेती किसानों के लिए पारंपरिक फसलों के अतिरिक्त आय का विकल्प उपलब्ध करा सकती है। इसी उद्देश्य से चयनित क्षेत्रों में इसकी खेती को समूह आधारित तरीके से बढ़ावा दिया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में औषधीय पौधों के क्षेत्र विस्तार के लिए 100 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 36 लाख रुपये की वित्तीय राशि का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत किसानों को औषधीय पौधों की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 36 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि एलोवेरा, अश्वगंधा, ब्राह्मी और शतावरी की खेती के लिए उपयुक्त क्षेत्रों का चयन कर किसानों को इससे जोड़ा जाएगा। एलोवेरा, अश्वगंधा और ब्राह्मी की खेती के लिए पांच हेक्टेयर प्रति राजस्व ग्राम अथवा समूह तथा शतावरी की खेती के लिए चार हेक्टेयर प्रति राजस्व ग्राम अथवा समूह क्षेत्र चिन्हित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित