औरैया , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़वाना गांव में शनिवार देर रात 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक हलवाई की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के जाहरपुरा निवासी रवि (32) के रूप में हुई है। रवि पेशे से हलवाई था और अपनी भांजी सोनी की शादी में खाना बनाने गढ़वाना गांव आया था। नोएडा से आई बारात की रस्में पूरी होने के बाद रविवार तड़के करीब चार बजे वह शौच के लिए खेतों की ओर गया था।
काफी देर तक वापस न लौटने पर उसके भाई किशन कुमार ने तलाश शुरू की। रविवार सुबह करीब सात बजे रवि का शव खेत के किनारे नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में झुलसा हुआ मिला। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में विद्युत तार लंबे समय से नीचे लटक रहे हैं और कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया। बताया गया कि करीब तीन माह पूर्व भी इसी लाइन की चपेट में आने से चार गायों की मौत हुई थी।
मृतक रवि तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी को अभी एक वर्ष ही हुआ था। पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन दें, तभी पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित