औरैया , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना सहायल पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में साधु का वेश धरकर ग्रामीण महिलाओं को झांसे में लेने और उनके जेवरात ठगने वाले दो शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से पीली धातु के दो जोड़ी कान के टॉप्स, आठ अंगूठियां, चार लॉकेट, तीन मूर्तियां, सत्रह ताबीज और दस रुद्राक्ष की मालाएं बरामद की हैं।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि इस घटना के संबंध में बर्रू फफूंद गांव की निवासी सुधा राठौर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि साधु के वेश में आए दो अज्ञात व्यक्ति छल-कपट से उनके कान के टॉप्स लेकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सघन चेकिंग अभियान और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिबियापुर क्षेत्र के रेलवे स्टेशन और बिजलीघर के पास घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मिर्जापुर जिले के कछवा थाना अंतर्गत निगातपुर गांव निवासी 40 वर्षीय टमाटर और 20 वर्षीय फिरोज के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में भिक्षा मांगने के बहाने घूमते थे। इस दौरान वे भोले-भाले ग्रामीणों और महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर एवं भ्रमित करके उनके कीमती आभूषण और सामान ऐंठ लेते थे। इसके बाद ठगी का सामान स्थानीय बाजारों में बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। इस सफल पुलिस कार्रवाई को थाना प्रभारी रमेश सिंह, उपनिरीक्षक शकील अहमद तथा आरक्षी शिवमिलन और भगत सिंह की टीम ने अंजाम दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित