औरैया , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश की औरैया पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अभियुक्त टूर एंड ट्रैवेल्स के नाम पर लोगों को सस्ते पर्यटन पैकेज का झांसा देकर ठगी करता था।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक औरैया तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना टीम ने यह कार्रवाई की। एनसीआरपी और 'प्रतिबिंब' पोर्टल के माध्यम से गुजरात, तेलंगाना, दिल्ली, मुंबई और लखनऊ सहित विभिन्न राज्यों एवं शहरों से ठगी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

इन्हीं शिकायतों के आधार पर साइबर थाना टीम कोतवाली औरैया क्षेत्र में सक्रिय थी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने देर रात करीब 2:50 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय (100 शैय्या अस्पताल) के पास से घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ओमजी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,19,400 रुपये नकद, एक एप्पल लैपटॉप, एक डेल लैपटॉप, विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम कार्ड, एक मोबाइल फोन तथा टूर एंड ट्रैवेल्स के विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पूर्व में एक ट्रेवल्स कंपनी में कार्यरत था, जहां से उसने टूर पैकेज संबंधी जानकारी हासिल की। बाद में उसने फेसबुक पर 'वी वांट ट्रिप' नाम से फर्जी पेज बनाकर सस्ते और आकर्षक ऑफर पोस्ट करने शुरू किए। इच्छुक लोगों से संपर्क कर वह उन्हें अपने बताए बैंक खातों में धनराशि जमा कराने के लिए प्रेरित करता और इसके बाद संपर्क तोड़ देता था।

इस संबंध में थाना साइबर क्राइम, औरैया में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 318(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित