औरैया , सितंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में औरैया पुलिस की संयुक्त टीम ने कुदरकोट स्थित ज्वैलरी शॉप से हुई सोने की अंगूठियों की चोरी का सफल अनावरण करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कुदरकोट, एसओजी और सर्विलांस की टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने शनिवार को यहां बताया कि पुलिस ने आरोपी को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के गढ़वाना जाने वाले मार्ग पर बने अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया, जब वह बारिश से बचने के लिए वहां रुका हुआ था और चोरी का सामान बेचने की फिराक में था।
चोरी की यह घटना 19 सितंबर को कुदरकोट स्थित "न्यू मां अलोपा ज्वैलर्स" में हुई थी। दुकान संचालक समीर सोनी के छोटे भाई को झांसे में लेकर काले रंग की मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात बदमाशों ने चालाकी से सोने की अंगूठियां पार कर दी थीं। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर धारा 305(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भोपाल (मध्य प्रदेश) के छोला मंदिर थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय कासिम अब्बास ईरानी पुत्र मजहर अब्बास ईरानी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग राज्यों में चोरी करता है और कुदरकोट की दुकान से चुराई गई अंगूठियों को बेचने जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से 13 ग्राम वजन की 06 अदद पीली धातु की अंगूठियां बरामद की हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित