औरैया , मई 9 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि भीखेपुर-जुहीखा मार्ग पर बीती रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई बाइक समेत उछलकर पास के इकबालपुर बंबा (नहर) में जा गिरे। गंभीर रूप से घायल दोनों भाई पूरी रात बंबा के पानी में पड़े रहे, जिसके चलते उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई और अंततः दोनों की जान चली गई। आज सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने बंबा से युवकों को निकाला।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अयाना क्षेत्र के भौतापुर निवासी सतीश बाबू के पुत्र अभिषेक (23) और उसके छोटे भाई विकास के रूप में हुई है। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और हाल ही में अपने गांव आया था। वह अपने साथ काम करने वाले भीखेपुर निवासी मित्र आदि की बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर से बाइक लेकर निकला था। उसके साथ उसका छोटा भाई विकास भी था, जिसने इसी वर्ष मुरादगंज के जिला पंचायत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

दुर्घटना का पता शनिवार सुबह तब चला जब मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने बंबा में बाइक और दो युवकों को पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अयाना पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिचौली मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुँचते ही उसने भी दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित