औरैया , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बेला-दिबियापुर मार्ग पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी की शनिवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बेला थाना क्षेत्र के नीमहार मोड़ के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार स्कार्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार कन्नौज जिले के नगला खेमकरन निवासी उदय प्रताप (33) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह पिछले करीब आठ वर्षों से बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और सौरिख क्षेत्र में तैनात थे।

सूत्रों के अनुसार उदय प्रताप शुक्रवार शाम बाइक से अपनी पत्नी प्रीति से मिलने सहार जा रहे थे। नीमहार मोड़ के पास सामने से आ रही स्कार्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उदय प्रताप उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन का अगला टायर फट गया। इसके बाद चालक स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गया। स्कार्पियो में सवार महिला और बच्चे पीछे से आई दूसरी कार से चले गए।

घटना की सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल उदय प्रताप को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित