औरैया , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में थाना व कस्बा बिधूना के गांधी नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 21 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका की पहचान कीर्ति पुत्री संजय सिंह के रूप में हुई है, जो स्थानीय महाविद्यालय में बीएससी अंतिम वर्ष में अध्ययनरत थी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, हालांकि परिजनों ने छात्रा की मौत की वजह बीमारी को बताया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतका के पिता संजय सिंह के अनुसार, कीर्ति पिछले काफी समय से स्नोफिलिया और ब्रेस्ट में गांठ की समस्या से ग्रस्त थी। शुक्रवार शाम भोजन करने के उपरांत उसकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार मिलने के बाद उसकी स्थिति में सुधार दर्ज किया गया और परिजन उसे वापस घर ले आए थे।
शनिवार सुबह अचानक कीर्ति की तबीयत एक बार फिर गंभीर हो गई। परिजन बिना देर किए उसे पुनः अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने गहन स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बिधूना के गांधी नगर में रह रहा है। मृतका की मां का पहले ही देहांत हो चुका है और परिवार में अब पिता व एक भाई ही शेष हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस मामले में बिधूना के प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल को घटनास्थल पर रवाना किया गया था। हालांकि, परिजनों ने छात्रा की मौत को बीमारी का परिणाम बताते हुए किसी भी प्रकार की कानूनी अथवा पुलिसिया कार्रवाई कराने से लिखित रूप में इनकार कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित