औरैया , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली बिधूना क्षेत्र के गांव पुर्वा पसी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब 22 वर्षीय विवाहिता सोनी का शव उसके ही घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में दीवार के कुंदे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना के समय मृतका का पति सचिन, जो पेशे से ट्रक चालक है, और उसका देवर घर पर मौजूद नहीं थे। घर में केवल उसकी सास व ससुर ही थे।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतका का शव जिस कमरे में मिला, वह अंदर से बंद था। घटना की जानकारी मिलते ही सोनी के पिता बृजेश, मां शकुंतला समेत अन्य परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए। बेटी का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही मृतका के ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित