औरैया , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के हैदरपुर गांव में शनिवार शाम से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता 26 वर्षीय युवती शिवानी का शव रविवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार सुबह यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैदरपुर निवासी बदन सिंह कठेरिया की सबसे छोटी बेटी शिवानी शनिवार शाम करीब छह बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर देर रात पुलिस को मामले की तहरीर दी गई। रातभर परिजन और ग्रामीण युवती की तलाश में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।

रविवार सुबह गांव के उत्तरी छोर पर स्थित तालाब के पास बच्चे खेलने गए थे, तभी उन्होंने पानी में एक शव तैरता देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला, जिसकी पहचान लापता शिवानी के रूप में हुई। सूचना पर अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

मृतका की मां संगीता देवी ने बताया कि शिवानी को बचपन से ही मिर्गी की बीमारी थी और उसे अक्सर दौरे पड़ते थे। इसी कारण उसे कभी अकेले दूर नहीं जाने दिया जाता था। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी शिवानी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित