औरैया , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के अबाबर गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव पुराने और सुनसान मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान सत्यनारायण के सबसे छोटे पुत्र शिवम (18) के रूप में हुई है। वह कपड़े की फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त को शिवम का गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसके बाद से विवाद बढ़ता गया। मृतक के पिता का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि उन्हीं युवकों ने शिवम के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। दिबियापुर कोतवाल राजकुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले युवक का अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए नामजद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित