औरैया , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले अंतर्गत कुदरकोट थाना क्षेत्र के इकघरा गांव में एक व्यक्ति ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। उसका शव बुधवार को गांव के बाहर खेत में लगे नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला।

मृतक की पहचान इकघरा निवासी अरविंद कुमार पुत्र दुर्जन सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से पुताई का काम करता था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बताया जा रहा है कि वह अत्यधिक शराब पीने का आदी था और मानसिक रूप से परेशान रहता था। परिजनों के अनुसार, अरविंद ने मंगलवार की शाम को भी फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय समय रहते परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे देख लिया और बचा लिया था। हालांकि बुधवार की सुबह जब एक ग्रामीण तालाब की तरफ गया, तो उसने खेत में लगे पेड़ से अरविंद का शव लटकते देखा और तुरंत सबको सूचित किया।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कुदरकोट थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित