औरैया , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना सहार क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में पिता द्वारा अपने 15 वर्षीय पुत्र की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में सहार पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और रस्सी भी बरामद कर ली गई है।

यह पूरी घटना 21 सितंबर की रात की है। गांव निवासी नीरज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि घटना की रात वह और उसकी बड़ी बहन गांव में श्री गणेश पूजा एवं कीर्तन में गए हुए थे। घर पर उसकी छोटी बहन और छोटा भाई रीशू उर्फ ईशू मौजूद थे। इसी दौरान पिता उम्मेद सिंह शराब के नशे में घर पहुंचे और बेटे की गलत आदतों व रुपयों की चोरी की शिकायतों से आक्रोशित होकर उसे मकान के खंभे से बांध दिया। इसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से बेदर्दी से पिटाई कर दी, जिससे 15 वर्षीय रीशू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को चारपाई पर छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

तहरीर के आधार पर सहार थाने में आरोपी उम्मेद सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की धरपकड़ के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सहार थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक गनेश गुप्ता और उपनिरीक्षक अरविंद सिंह की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उम्मेद सिंह (45) को पूर्वा सोमवंशी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि बेटा बार-बार पैसे चोरी करने को लेकर विवाद करता था, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी उम्मेद सिंह के खिलाफ पूर्व में भी दुर्घटना और लापरवाही से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित