औरैया , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली बिधूना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में चारपाई से साड़ी से बंधा हुआ मिला। मृतका की पहचान भूरी देवी के रूप में हुई है, जिनके पति और दो बेटे फरीदाबाद में निवास करते हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोस की एक बच्ची सुबह उनके घर तसला लेने पहुंची। दरवाजा बंद होने और आवाज लगाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर बच्ची ने परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका के चलते दूसरे घरों की छतों के रास्ते अंदर प्रवेश किया, जहां बुजुर्ग महिला का शव खटिया पर बंधा हुआ मिला और पास ही एक खून से सनी तौलिया पड़ी हुई थी।
इसके साथ ही कमरों का सामान भी बिखरा हुआ मिला, जिससे ग्रामीणों ने चोरी के बाद हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही कोतवाल विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद फरीदाबाद से परिजन घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित