औरैया , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी, कखावतू में गुरुवार सुबह एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अविनाश उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो औरैया में बिजली विभाग में मीटर रीडिंग और बिलिंग का काम देखता था। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक ने यह आत्मघाती कदम किन वजहों से उठाया, इसका सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाने में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित