औरैया , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा है कि मुख्यमंत्री के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए जनपद में प्रीपेड मीटर नहीं लगाए जाएंगे और पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनका त्वरित निस्तारण किया जाए।

राज्यमंत्री शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि सुबह और शाम के पीक आवर्स में हर हाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कटौती कम से कम हो। इसके साथ ही उन्होंने सभी विद्युत अधिकारियों को सोशल मीडिया (व्हाट्सएप ग्रुप) के माध्यम से क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों को जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि बिजली कटौती या रोस्टर आदि की जानकारी उन्हें समय से उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जनपद में तय मानकों के अनुसार बिजली दी जा रही है। शहरी क्षेत्र में अधिकतम 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदल दिए जाते हैं, जबकि दैवीय आपदा से टूटे तार और पोल को 8 से 10 घंटे में ठीक कर दिया जाता है। इस पर राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होते हैं, वहां समस्या के मूल कारण की पहचान कर उसे जड़ से खत्म किया जाए ताकि राजस्व की बचत हो और जनता को परेशानी न हो।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में पिछले वर्ष 3130 लाभार्थियों को इसका लाभ मिला है और वर्तमान में तय लक्ष्य से 140 प्रतिशत अधिक काम हो रहा है। राज्यमंत्री ने इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने दिबियापुर विधानसभा के करीब 40 गांवों में इटावा के भरथना फीडर के बजाय औरैया जनपद के फीडर से बिजली आपूर्ति कराने की मांग रखी, जिस पर राज्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे द्वारा घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने की मांग पर भी राज्यमंत्री ने जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए फीडर स्तर पर कैंप लगाए जा रहे हैं, जिसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को भी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने राज्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया, जिला प्रभारी आनंद सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, पीडी नेडा हिमांशु रंजन श्रीवास्तव और अधिशाषी अभियंता विद्युत सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित