औरैया , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के हालेपुर-बिरूहूनी मार्ग पर सोमवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका मिला।

मृतक नोएडा में निजी वाहन चलाता था और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट और मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जबकि घटनास्थल के पास उसकी बाइक भी खड़ी मिली।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कोतवाली क्षेत्र के विलावा गांव निवासी बृजेश पाल (35) नोएडा में निजी फायर ब्रिगेड की गाड़ी चलाता था। वह 18 अक्टूबर को छुट्टी लेकर अपने घर आया था। परिजनों के अनुसार, वह रविवार शाम करीब आठ बजे कहीं जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।

सोमवार सुबह हालेपुर-बिरूहूनी मार्ग पर गंगाराम के खेत के पास आम के पेड़ से शव लटका देख ग्रामीणों ने तुरंत आपातकालीन सेवा 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और अटसू चौकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

घटनास्थल पर मृतक के कानों में ईयरबड लगे हुए थे। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक सुसाइड नोट और मोबाइल फोन मिला है। शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि युवक ने घटना से ठीक पहले व्हाट्सएप के माध्यम से एक अन्य युवक को एक लड़की की फोटो और कागज पर लिखा एक मोबाइल नंबर भेजा था। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले में प्रेम प्रसंग की आशंका जता रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित