औरैया , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान जगन्नाथपुर निवासी अतुल दोहरे (28) पुत्र राजनारायण के रूप में हुई है, जो पेशे से प्लंबर का काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि अतुल अत्यधिक शराब पीने का आदी था।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित