औरैया , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली अजीतमल पुलिस ने अपराध एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिगों से जुड़े दो गंभीर मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि पहला मामला नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने से जुड़ा है, जिसमें थाना अजीतमल पुलिस ने 19 अगस्त की रात कार्रवाई करते हुए मुरादगंज ओवरब्रिज के पास से वांछित अभियुक्त सुमित कुमार (20), निवासी ग्राम निगडा थाना कोतवाली औरैया को गिरफ्तार किया। आरोपी पर थाना अजीतमल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87, 64(1) और 3/4(1) पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। इस आरोपी को पकड़ने में उपनिरीक्षक रामबालक शुक्ला और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

वहीं दूसरे मामले में अजीतमल पुलिस ने 20 अगस्त की दोपहर करीब 01:05 बजे बल्लापुर ओवरब्रिज के पास से नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपी गौतम (40 वर्ष), पुत्र अमीरचन्द्र, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर डेरा थाना कोतवाली अजीतमल को गिरफ्तार किया। यह अभियुक्त थाना अजीतमल में दर्ज बीएनएस की धारा 75(2) तथा 9M/10 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह और उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित