औरैया , जून 07 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना बेला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पांडव नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुर्वा भवन निवासी धीरेंद्र पाल का 8 वर्षीय पुत्र विष्णु और हरजू पुर्वा निवासी सुदेश का 8 वर्षीय पुत्र अंश रविवार सुबह अपने चाचा धर्मेंद्र पाल के साथ भेड़ चराने के लिए निकले थे। घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित पांडव नदी को देखकर दोनों बच्चे उसमें नहाने के लिए चले गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बच्चे वापस नहीं लौटे, तो चिंतित चाचा धर्मेंद्र पाल ने सुबह करीब 11 बजे परिजनों को फोन कर बच्चों के बारे में पूछा। घर पर भी बच्चों के न होने की जानकारी मिलते ही परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी।

इसके बाद धर्मेंद्र पाल ने आनन-फानन में नदी में बच्चों की खोजबीन शुरू की। नदी के एक गहरे गड्ढे में तलाश करने पर दोनों बच्चों के अचेत शरीर बरामद हुए। परिजन तुरंत दोनों मासूमों को बेला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन बच्चों को लेकर तत्काल मेडिकल कॉलेज कन्नौज पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दोपहर करीब तीन बजे इस दुखद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित