औरैया , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में थाना सहायल क्षेत्र के पुरवा कन्हई गांव में बीते तीन दिनों से लापता युवती का शव शनिवार सुबह गांव के पास ही स्थित एक कुएं से बरामद हुआ।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुरवा कन्हई निवासी वीरेंद्र कुमार की पुत्री संध्या (23) बीते 19 अगस्त को अपने भाई बालमुकुंद के साथ दवा लेने चिचौली स्थित जिला अस्पताल गई थी। दोपहर में अस्पताल से लौटने के बाद शाम करीब चार बजे वह अचानक घर से रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई। परिजनों ने नाते-रिश्तेदारों के अलावा दिबियापुर रेलवे स्टेशन और संभावित स्थानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आखिरकार थक-हारकर पिता ने 21 अगस्त को सहायल थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

शनिवार सुबह जब पिता वीरेंद्र कुमार खेतों की तरफ गए तो उन्हें घर से करीब 300 मीटर दूरी पर बने एक कुएं के पानी में शव उतराता हुआ दिखाई दिया। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और तुरंत सहायल थाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी शिनाख्त वीरेंद्र ने अपनी बेटी संध्या के रूप में की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी औरैया शैलेन्द्र कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सहायल थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती की मौत कुएं में गिरने से हुई या मामला कुछ और है, इसकी वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित