औरैया , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा गांव में गुरुवार सुबह पैर फिसलने से ण्क युवक की तालाब में डूब कर मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि मृतक के बड़े भाई प्रेमनारायण के अनुसार महावीर (35) पिछले कुछ समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह खेतों की ओर जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में तालाब के पास से गुजरते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चला गया। हादसा होते ही आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया। हालांकि, वहां तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित