औरैया , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में फफूंद रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार रात ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर फैली खबर के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका की पहचान दिबियापुर की भट्ठा बस्ती निवासी दिव्या उर्फ दिया (18) के रूप में की। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दिव्या बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर से बाजार का सामान लेने निकली थी। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच बुधवार रात फफूंद रेलवे स्टेशन से लगभग 250 मीटर पश्चिम में डीएफसी और अप रेलवे लाइन के बीच एक युवती का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची दिबियापुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। उपनिरीक्षक अरुण कुमार और सिपाही अर्जुन सिंह की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शिनाख्त का प्रयास किया, परंतु सफलता नहीं मिली।
गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, किशोरी की मौत रेलवे लाइन पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित