औरैया , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह खेत से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुरवा भूपत गांव के बाहर एक खेत में युवती का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की पहचान गांव निवासी अरविंद कुमार की पुत्री अंजली उर्फ बबली के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार अंजली मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह रोज की तरह घर से बकरियां चराने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित