औरैया , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक कृषि विभाग कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बगिया में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अनिल कुमार सिंह (50) निवासी इंद्रा नगर भट्ठा बस्ती, दिबियापुर कृषि विभाग में सहार क्षेत्र में तैनात थे। ग्रामीणों ने गांव आँतों के पास स्थित एक बगिया में पेड़ से शव लटकता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की मोटरसाइकिल भी घटनास्थल के पास खड़ी मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित