औरैया , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में मंगलवार को घर के काम के दौरान बिजली का करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जगतपुर निवासी सलोनी (32) मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर की रसोई में बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान बर्तन रखते समय उनका हाथ अचानक विद्युत प्रवाहित तार अथवा किसी बिजली के उपकरण के संपर्क में आ गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पति भूपेंद्र सिंह भदौरिया गांव में आटा चक्की संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई अथवा पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पुलिस को लिखित प्रार्थना-पत्र दिया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित