औरैया , जून 10 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिबियापुर पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार देर रात भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी और शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी टिल्लू उर्फ ऋषभ पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध असलहा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सदर पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बुधवार सुबह मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसएचओ दिबियापुर अपनी टीम के साथ कम्प्रेसर बम्बा के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि गत 18 जनवरी 2026 को हुई अनुज उर्फ छोटू की हत्या का मुख्य आरोपी और 25 हजार का इनामी बदमाश टिल्लू उर्फ ऋषभ मोटरसाइकिल से दिबियापुर की ओर आ रहा है।
सीओ ने बताया कि औरैया की तरफ से आते हुए संदिग्ध बाइक सवार को जब पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया, तो वह हड़बड़ाकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (315 बोर) एवं एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, टिल्लू उर्फ ऋषभ एक शातिर किस्म का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और इलाके में हत्या के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित