औरैया , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की अछल्दा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने 21 जुलाई की रात हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, अवैध हथियार, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को यहां बताया कि उनके के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 21 जुलाई की रात सीएचसी अछल्दा के पास दुकान बंद कर घर लौट रहे रवि बाबू पाल से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल, नकदी, चाबी और हेलमेट छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना अछल्दा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उनके द्वारा घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। 24 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तुर्कपुर बम्बा अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान चारों अभियुक्तों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजा, चंद्रभान उर्फ टिल्लू, मनोज कुमार और सर्बजीत के रूप में हुई है, जो सभी दिबियापुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने पीड़ित को रोका था और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। साक्ष्य मिटाने की नीयत से उन्होंने मोटरसाइकिल की चाबी और हेलमेट नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12,200 रुपये नकद, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक आधार कार्ड, डीएल की पर्ची, एक मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। तमंचा बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त मामले दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित