औरैया , मई 19 -- उत्तर प्रदेश के औरैया में साइबर थाना और साइबर सेल पुलिस टीम ने आम नागरिकों के खोए और गुम हुए 102 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा तथा क्षेत्राधिकारी बिधूना एवं साइबर प्रकोष्ठ प्रभारी पुनीत मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया। जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर साइबर थाना पुलिस टीम लगातार कार्य कर रही थी।
साइबर टीम ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से 102 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए। इसके बाद संबंधित मोबाइल धारकों को सूचना देकर पुलिस कार्यालय बुलाया गया और मंगलवार को उनके मोबाइल वापस सौंपे गए।
बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। इनमें विवो कंपनी के सर्वाधिक 33 मोबाइल फोन, रेडमी के 16, ओप्पो के 14, रियलमी के 10, सैमसंग के 8, वनप्लस के 7 तथा मोटोरोला के 5 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा इनफिनिक्स, लावा, आईक्यू, टेक्नो, पोको, हॉट 30आई, शाओमी और जीरो कंपनियों के मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित