भदोही , सितंबर 14 -- मिर्जापुर मंडल के अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार और संयुक्त निदेशक डॉ. दिग्विजय सिंह ने सोमवार को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन चिकित्सक बिना स्वीकृत अवकाश प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित मिले।
अधिकारियों ने अनुपस्थित चिकित्सकों के संबंध में छुट्टी का प्रार्थना पत्र उपलब्ध नहीं कराने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म और नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी की ओपीडी में एक भी मरीज भर्ती नहीं मिला। इस पर अधिकारियों ने चिकित्सा अधीक्षक कृष्ण चंद दुबे से नाराजगी जताई और सवाल किया कि सीएचसी के मरीज ट्रॉमा सेंटर में क्यों भर्ती किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक से स्पष्टीकरण मांगे जाने की बात कही गई।
लेबर रूम में गंदगी मिलने पर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई और साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली जांच में कमियां मिलने पर संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित