पटना , फरवरी 05 -- बिहार के औरंगाबाद जिले में बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और औरंगाबाद जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को संयुक्त छापेमारी अभियान के तहत नगर थाना कांड और 27 आर्म्स एक्ट के आरोपी फरहान उर्फ राणा को दाउदनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार फरहान की निशानदेही पर तीन अन्य अपराधकर्मियों शहजाद हुसैन उर्फ मिस्टर, दानिश और रागिब को भी अवैध आग्नेयास्त्रों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 129 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और सात मोबाइल फोन बरामद किये हैं।

उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी की रात औरंगाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नावाडीह निवासी जुनैद अहमद की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य वारदात को लेकर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें गिरफ्तार अपराधियों की संलिप्तता पाई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि इस घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित