औरंगाबाद , मार्च 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि औरंगाबाद जिले के सभी 11 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में औरंगाबाद जिला अंतर्गत बारूण के मुंशी बिगहा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि औरंगाबाद जिले में विकास के कई कार्य कराये गये हैं। पटना से औरंगाबाद तक अच्छी सड़क का निर्माण करा दिया गया है, इससे आवागमन सुगम हो गया है। औरंगाबाद में अनेक पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है। सोन नदी पर दाउदनगर और नासरीगंज के बीच पुल का निर्माण कराया गया है।
श्री कुमार ने कहा कि औरंगाबाद जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान, पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि यहां मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। इस जिले में कर्पूरी छात्रावास एवं 2 आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। नवीनगर में धर्मल पावर प्लांट स्थापित कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित