गया जी, मई 19 -- औरंगाबाद जिले के ओबरा मंदिर परिसर से वट सावित्री पूजा के दिन लापता हुए 4 वर्षीय मासूम बच्चे को मंगलवार को गयाजी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मगध रेंज पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने गया स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओबरा से गायब हुए मासूम बच्चे की बारामदगी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वट सावित्री पूजा के दिन औरंगाबाद जिले के ओबरा मंदिर परिसर से एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा लापता हो गया था। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल बनाया और इसकी तह तक गए। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाती दिखाई दी। बाद में एएन रोड स्टेशन के पास भी महिला की गतिविधियां देखी गईं, लेकिन शुरुआती दौर में रेलवे स्टेशन का स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पाने से जांच चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
आईजी ने बताया कि इसके बाद मगध क्षेत्र के आसपास के सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई। जांच के दौरान गया जंक्शन के फुटेज में महिला बच्चे के साथ दिखाई दी और आगे की पड़ताल में महिला को टेंपो से जाते हुए देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई तेज की।
उन्होंने कहा कि इसके बाद गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत डेल्हा ब्रिज इलाके से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और इस मामले की अपराधी रंजू देवी नामक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित