औरंगाबाद , फरवरी 26 -- बिहार में औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गुरूवार को स्कार्पियो और ट्रक के बीच हुयी टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा दो महिला समेत सात लोग घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कार्पियो पर सवार लोग उत्तर प्रदेश के बलिया में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद झारखंड के धनबाद लौट रहे थे। इस दौरान देव मोड़ के समीप राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 19 पर स्कार्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गयी। इस घटना में स्कार्पियो पर सवार तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि दो महिला समेत सात लोग घायल हो गये।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों में दो की पहचान तेज नारायण गुप्ता और विकास कुमार चौहान के रूप में की गयी है। एक अन्य मृतक की पहचान नहीं की जा सकी है। घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित