औरंगाबाद, मार्च 15 -- बिहार में औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में शादी समारोह में एक मकान का छज्जा गिरने से दो लोगों की दबकर मौत हो गयी तथा 25 अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मझियावां गांव में शनिवार की रात शादी समारोह में जयमाला के दौरान अचानक एक मकान का छज्जा गिर गिया। इस घटना में दो लोगों की दबकर मौत हो गई तथा 25 अन्य घायल हो गये।मृतकों की पहचान सत्यनारायण यादव और अखिलेश यादव के रूप में हुई है। दोनों मृतक रिश्ते में दुल्हन के भाई बताए जा रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि रामव्यास यादव की बेटी की शादी थी। बारात गोह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से आई थी। द्वारपूजन के बाद जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में गांव के लोग पहुंचे थे तभी कार्यक्रम स्थल के पास छज्जा भरभराकर गिर गया। इस घटना में दो लोगों की दबकर मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया।

दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सरकारी नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए अनुशंसा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित