औरंगाबाद , मार्च 22 -- िहार के औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक स्थल देव में चार दिवसीय विश्व प्रसिद्ध चैती छठ मेला आज नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया।
देव में छठ व्रत करने की विशिष्ट महत्ता है और इसकी गूंज देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया तक है।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि देव चैती छठ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं तथा छठव्रतियों के लिए पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा के समुचित प्रबंध किये गये हैं। उन्होंने बताया कि मेला में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बल की तैनाती की गयी है।
पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने बताया कि मेले के दौरान आने वाली लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है और चप्पे-चप्पे पर महिला पुलिस एवं पुलिस के जवान अनवरत ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए पिंक बसों का परिचालन किया गया है।चैती छठ व्रत के अवसर पर त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर को अत्यन्त आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
चार दिनों का यह पवित्र अनुष्ठान आज नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है,जो 25 मार्च को प्रात: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किये जाने के साथ सम्पन्न होगा।सुप्रसिद्ध सौर तीर्थस्थल देव में चैती छठ व्रत करने पूर्वोत्तर भारत के राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, झारखंड, बंगाल, उत्तरांचल एवं बिहार के विभिन्न जिलों के श्रद्धालु आते हैं और देव के ऐतिहासिक तथा त्रेतायुगीन पश्चिमाभिमुख सूर्य मंदिर में सूर्यदेव की पूजा-अर्चना करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित