औरंगाबाद , जून 20 -- बिहार में औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह पिकअप वैन और ऑटो रिक्शा के बीच हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिकअप वैन पर सवार लोग धंधवा से गोह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रफीगंज-गोह मुख्य मार्ग पर माम मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रहे मुर्गी लदे ऑटो रिक्शा से पिकअप वैन की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान औरंगाबाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धंधवा गांव निवासी मो. नान्हू के पुत्र मो. अजीज (22) एवं अरवल जिले के कलेर थाना क्षेत्र के हृदयचक गांव निवासी मो. इसरार उर्फ हेरु खान के पुत्र मो. भोला (20) के रूप में की गई है। घायलों को रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रफीगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन और ऑटो रिक्शा को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित