औरंगाबाद , अगस्त 06 -- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विद्युत उपभोक्ताओं को सहज, सुलभ , किफायती सौर ऊर्जा उत्पादन और निशुल्क बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऊर्जा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में औरंगाबाद के नगर भवन में गुरुवार को विशेष सोलर मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी लाने अथवा निशुल्क बिजली की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविन्द कुमार ने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने की अपील की और कहा कि घर पर सोलर सिस्टम लगाने के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है ।

मेले में विभिन्न सोलर कंपनियों ने अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत काम कर रही संस्था सोलर माउंट एनर्जी के निदेशक अजहर खान ने भी अपना स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं को आधुनिक सौर ऊर्जा से जुड़े विभिन्न समाधान की जानकारी दी।

श्री खान ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना है ताकि वे अपने घर, दुकान, फैक्ट्री, स्कूल, अस्पताल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आधुनिक सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर बिजली बिल पर होने वाले खर्च की बचत कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित