रायसेन , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में औबेदुल्लागंज टोल प्लाजा के पास सोमवार देर रात बाघ सड़क पार करता दिखाई दिया। बंसल कॉलेज और टोल प्लाजा के बीच बाघ की मौजूदगी का वीडियो वाहन चालकों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने बाघ को सड़क पर चहलकदमी करते और कुछ देर तक हाईवे के किनारे घूमते देखा। बाघ को देखकर वाहन चालकों ने वाहनों की गति धीमी कर दी और सावधानी बरती।
यह क्षेत्र रातापानी अभयारण्य से लगा हुआ है। वन क्षेत्र से जुड़े होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती है। हाईवे पर बाघ की मौजूदगी का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है।
वन विभाग ने वाहन चालकों से रात के समय इस मार्ग से गुजरते हुए विशेष सावधानी बरतने और वाहनों की गति नियंत्रित रखने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सड़क पर वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उन्हें परेशान नहीं करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित