चंडीगढ़ , अक्टूबर 13 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने उद्यमियों से औद्योगिक प्रदूषण कम करने और आसानी से नष्ट न होने वाली पॉलीथिन के पर्यावरण अनुकूल विकल्प तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। सरकार उद्योगों की समस्याओं के समाधान और उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री सिंह मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित अपने निवास पर लघु उद्योग भारती हरियाणा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान एमएसएमई उद्यमियों ने औद्योगिक प्लॉट, प्रदूषण और रिहायशी क्षेत्रों में संचालित उद्योगों के सर्वे से संबंधित समस्याएं उठाईं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि उद्यमियों को अनावश्यक परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और विभागीय प्रक्रियाओं में मदद के लिए प्रत्येक जिले में चार उद्यमी साथी लगाए गए हैं। ये एकल खिड़की के माध्यम से समस्याओं के समाधान में भी सहयोग करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सब्सिडी की फाइलों में सभी कमियां एक बार में बताई जाएं। बार-बार आपत्तियां लगाकर फाइलें लंबित न रखी जाएं और पात्र उद्यमियों के मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निपटारा किया जाए।

बैठक में एमएसएमई के अतिरिक्त निदेशक भारत भूषण गोगिया ने नई एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित