नई दिल्ली , अक्टूबर 31 -- प्रीकास्ट कंक्रीट निर्माण प्रौद्योगिकी समाधानों का व्यवसाय करने वाली विश्व की अग्रणी कंपनी एलेमैटिक ग्रुप और वाकियो जिंदल बिल्ड ने भारत में औद्योगिक निर्माण को अपनाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है।

इन कंपनियों ने कहा है कि यह सहयोग आवास, बुनियादी ढांचे और शहरी विकास की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा। इसके लिए तेज गतिवाली, अधिक उत्पादक और बड़े पैमाने पर लागू होने योग्य निर्माण विधियों का उपयोग किया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश में निर्माण क्षेत्र में बढ़ती लागत, कुशल श्रमिकों की कमी, परियोजनाओं में देरी और गुणवत्ता संबंधी जोखिमों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

कारखाने पर आधारित निर्माण समाधानों में डिजाइन, फैक्ट्री-आधारित उत्पादन, ऑटोमेशन और साइट पर अधिक व्यवस्थित असेंबली पर आधारित है। इस साझेदारी में एलेमैटिक की प्रीकास्ट तकनीक, ऑटोमेशन और औद्योगिक उत्पादन में विशेषज्ञता और वाकियो जिंदल बिल्ड की प्रीकास्ट और प्रीफैब्रिकेशन के लिए डिजाइन करने की क्षमता और बाथरूम पॉड्स जैसे प्रीफैब्रिकेटेड निर्माण उत्पादों में उनकी दक्षता का लाभ मिलने की उम्मीद है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यद्यपि देश के निर्माण बाजार का सटीक अनुमान लगाना कठिन है, लेकिन नवीनतम आंकड़ों के अनुसार यह बाजार लगभग 700 अरब अमेरिकी डॉलर का है और यह सालाना 7-8 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। वर्तमान में, कुल निर्माण मूल्य में प्रीकास्ट की हिस्सेदारी केवल करीब एक प्रतिशत है, लेकिन बाजार के मजबूत अनुमानों के अनुसार इसमें 9 से 12 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है, जिसका मुख्य आधार बुनियादी ढांचा, आवासीय और औद्योगिक क्षेत्र होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित