धार , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर औद्योगिक तेल से भरे टैंकर से करीब 19 लाख रुपये से अधिक का ऑयल चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने तेल बेचने के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से वाहन को पलटाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर टैंकर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरदारपुर थाना पुलिस के अनुसार फरियादी मयूर पिता भुदरलाल ठक्कर निवासी अपना नगर, गांधीधाम (गुजरात) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 फरवरी को आरोपी चालक रेहमत पिता गुलाम सरवर खान निवासी कोनडरा, बाड़मेर (राजस्थान) टैंकर क्रमांक GJ 39 TA 2263 में 30.640 मीट्रिक टन इंडस्ट्रियल ऑयल भरकर मुंद्रा पोर्ट (गुजरात) से मक्सी के लिए रवाना हुआ था।
10 फरवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे चालक ने फोन कर बताया कि टैंकर इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर ग्राम फुलगावड़ी के पास सड़क से नीचे उतर गया है। इसके बाद उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया। वाहन में लगे जीपीएस की मदद से मालिक को पता चला कि टैंकर फुलगावड़ी में खड़ा है। अन्य चालक को मौके पर भेजकर जांच कराई गई तो टैंकर खाली अवस्था में मिला।
जीपीएस डाटा के अनुसार 9 फरवरी की शाम से 10 फरवरी दोपहर 1 बजे के बीच टैंकर विभिन्न स्थानों पर खड़ा रहा, जिससे तेल बेचे जाने की आशंका मजबूत हुई। वाहन मालिक के अनुसार चालक ने ऑयल बेचकर अमानत में खयानत की और सबूत मिटाने के लिए टैंकर को सड़क किनारे पलटाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नहीं पलटा।
सूचना मिलने पर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित