जयपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान के पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने गुरुवार को विधानसभा में बताया कि प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों का दो महीनों में एक बार विभाग द्वारा निरीक्षण किया जाता है और इसके अतिरिक्त शिकायत प्राप्त होने पर जांच का भी प्रावधान भी है।
श्री शर्मा प्रश्नकाल के दौरान विधायक हरिमोहन शर्मा द्वारा इस संबंध में पूछे गये पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों की जांच के दौरान कमियां पाई जाने पर नोटिस दिया जाता है और नियमानुसार फिर से निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण में कमी नहीं पायी जाने पर इकाई को संचालित जारी रखने की सहमति दी जाती है।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने एक जनवरी, 2024 से गत 31दिसंबर तक बूंदी विधानसभा क्षेत्र में 61 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान 48 इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण मापदंडों से संबंधित कमियां पायी गयीं। इस अवधि में मंडल को प्रदूषण से संबंधित नौ शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने इन इकाइयों और कार्रवाई का विवरण सदन पटल पर रखा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित