बैतूल , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति और रिकॉर्ड के अव्यवस्थित रख-रखाव पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जनपद पंचायत कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अधिकांश कर्मचारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यालयीन समय में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद उन्होंने मत्स्य विभाग के कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के उचित रख-रखाव की व्यवस्था नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी को फाइलों और दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने तथा रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कार्यालय परियोजना प्रशासक, एकीकृत आवासीय विकास परियोजना तथा खनिज विभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में दस्तावेजों और फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव, साफ-सफाई तथा कार्यस्थल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

खनिज विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कक्षों के बाहर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के पदनाम सहित नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलों को भी व्यवस्थित रूप से बॉक्स में सुरक्षित रखने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यालयों में रिकॉर्ड प्रबंधन, साफ-सफाई और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों को सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित