नयी दिल्ली , जून 16 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से एनजीटी के साथ हुई बैठक में लिये गये फैसलों को सार्वजनिक करें और ओ ज़ोन में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने के आदेश जारी करने की मांग की है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आये एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन चुनाव पूर्व के वादे पूरे नहीं किये गये। उन्होंने आरोप लगाया कि झुग्गीवासियों को मकान देने और अनधिकृत कॉलोनियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के वादों के विपरीत सरकार ने झुग्गियों और बस्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि बिना उचित पुनर्वास के हजारों परिवारों को बेघर किया गया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने याद दिलाया कि गत 08 जून को एनजीटी के निर्देशों के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ बैठक कर दावा किया था कि ओ ज़ोन का मुद्दा सुलझा लिया गया है और किसी भी दिल्लीवासी को परेशान होने की जरुरत नहीं है। इसके बावजूद ओ ज़ोन के नाम पर विभिन्न क्षेत्रों में तोड़फोड़ जारी है।

श्री यादव ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में दिल्लीवासियों को राहत देना चाहती है तो केवल बयानबाजी के बजाय ठोस कदम उठाने होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित