सीहोर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के रेहटी थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक ओवरलोड पिकअप वाहन के पलट जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई महिलाओं और बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भैसान गांव के पास धान रोपाई के लिए मजदूरों को लेकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक, लगभग 50 मजदूर सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में भिलाई निवासी अनीता, पति पतिराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भेरुंदा अस्पताल तथा अन्य चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बुधनी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) रवि शर्मा ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में इन दिनों धान रोपाई का कार्य चल रहा है और विभिन्न गांवों से मजदूरों को मालवाहक वाहनों में खेतों तक ले जाया जाता है। स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित