बैतूल , मई 5 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आबकारी विभाग ने ओवररेटिंग और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टिकरी स्थित एक शराब दुकान संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
आबकारी सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान टिकरी में संचालित सोम कंपनी की स्मोकिंग लिंकर ट्रेडर्स शराब दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बीयर बेचे जाने की पुष्टि हुई। आबकारी उपनिरीक्षक राजेश वट्टी ने बताया कि 140 रुपये की बीयर 160 रुपये में बेची जा रही थी। निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच के बाद अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी जब्ती की गई। आरोपी हर्षद पिता भोलाराम खातरकर, निवासी भारत भारती, बैतूल के कब्जे से दो अलग-अलग ढाबों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई। फौजी ढाबा से लेमाउंट बीयर की 4 पेटियां, जिनमें 48 नग (31.2 लीटर) शामिल हैं, जब्त की गईं, जिनकी कीमत 8,640 रुपये आंकी गई।
वहीं जामठी स्थित हर्षद ढाबा के फ्रीज और स्टोर रूम से 2 पेटियों में 24 नग (15.6 लीटर) बीयर, 2 बोरियों में 46 बोतल बीयर (29.9 लीटर) तथा देशी मदिरा की 1 पेटी में 50 पाव (9 लीटर) जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 16,100 रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार कुल 85.7 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 24,740 रुपये आंकी गई है। विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित